Girlfriend ka sir kata शादी की जिद बनी मौत प्रेमिका का सिर काट जंगल में फेंका
प्रेमिका की शादी की जिद बनी मौत की वजह, टैक्सी ड्राइवर ने सीट बेल्ट से गला घोंटकर की हत्या
सहारनपुर। शादी की जिद और रिश्तों के दबाव ने एक महिला प्रेमिका की बेरहमी से हत्या करवा दी। सहारनपुर के नकुड़ थाना क्षेत्र के टिडोली गांव निवासी टैक्सी चालक बिलाल ने अपनी प्रेमिका उमा (30) की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने पहले कार की सीट बेल्ट से महिला का गला घोंटा, फिर पहचान छिपाने के इरादे से उसका सिर काटकर जंगल में फेंक दिया। इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा रविवार को यमुनानगर पुलिस ने किया।
हैरानी की बात यह है कि जिस दिन इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा हुआ, उसी दिन आरोपी की बरात जानी थी। बताया जा रहा है कि आरोपी की शादी 14 दिसंबर को तय थी और प्रेमिका द्वारा शादी का लगातार दबाव बनाए जाने से वह परेशान था। इसी दबाव से छुटकारा पाने के लिए उसने हत्या की साजिश रची।
जंगल में मिला सिर कटा प्रेमिका का शव, मची सनसनी
यमुनानगर जिले के प्रतापनगर क्षेत्र में सात दिसंबर को एक पॉपुलर नर्सरी के पास महिला का सिर कटा हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव पूरी तरह निर्वस्त्र था और पहचान से जुड़े कोई सुराग नहीं मिले थे। पुलिस ने इसे अज्ञात महिला की हत्या मानते हुए जांच शुरू की।
यमुनानगर के पुलिस अधीक्षक कमलदीप ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें सहारनपुर नंबर की एक कार संदिग्ध रूप से घूमती दिखाई दी। इसके बाद पुलिस की जांच की दिशा बदल गई।
सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से खुली गुत्थी
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस हथिनीकुंड क्षेत्र तक पहुंची। यहां से उन मोबाइल नंबरों को ट्रेस किया गया, जो वारदात के समय उस इलाके में सक्रिय थे। तकनीकी जांच के बाद पुलिस की टीम सहारनपुर जिले के नकुड़ थाना क्षेत्र के टिडोली गांव पहुंची, जहां से टैक्सी ड्राइवर बिलाल को हिरासत में लिया गया।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
लिव-इन रिलेशन में थे दोनों
पुलिस के अनुसार, मृतका उमा पहले से शादीशुदा थी और उसका एक 10 वर्षीय बेटा है। पति से विवाद के चलते वह सहारनपुर की गंगोत्री कॉलोनी में अकेली रह रही थी, जबकि बेटा अपने पिता के साथ रहता था। करीब दो साल पहले उमा और बिलाल की पहचान हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई।
दोनों कुछ समय तक लिव-इन रिलेशन में भी रहे। उमा के खर्च की जिम्मेदारी भी बिलाल ही उठाता था। हालांकि आरोपी ने अपने परिवार को इस रिश्ते की कोई जानकारी नहीं दी थी।
शादी तय होते ही बढ़ा प्रेमिका का विवाद
इसी बीच बिलाल के परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी। शादी की तारीख नजदीक आने के बाद उमा उस पर शादी करने का दबाव बनाने लगी। पुलिस के मुताबिक, इसी दबाव से परेशान होकर आरोपी ने प्रेमिका को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
6 दिसंबर की शाम बिलाल ने उमा को घुमाने का बहाना बनाया और उसे कार में बैठाकर यमुनानगर की ओर ले गया। रात करीब आठ बजे कलेसर जंगल के पास सुनसान इलाके में उसने गाड़ी रोकी। इसके बाद पिछली सीट पर जाकर सीट बेल्ट से उमा का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने पहचान छिपाने के इरादे से महिला का सिर काट दिया और शव को नर्सरी के पास फेंक दिया। कटा हुआ सिर और कपड़े वह अपने साथ ले गया और अंधेरे का फायदा उठाकर सिर को जंगल में फेंक दिया।
सिर और कपड़े बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने लाल ढांग क्षेत्र से मृतका का कटा हुआ सिर बरामद कर लिया है। साथ ही उसके कपड़े और शॉल भी मिल गए हैं। पुलिस ने बताया कि शिनाख्त न होने के कारण शव का शुक्रवार को लावारिस में अंतिम संस्कार कर दिया गया था।
See also this: बुलंदशहर में मुस्लिम फेरीवाले की पीट-पीटकर हत्या .
आरोपी पुलिस हिरासत में
फिलहाल आरोपी बिलाल पुलिस हिरासत में है और उससे आगे की पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस मामले में चार्जशीट तैयार करने की प्रक्रिया में जुटी है। इस दिल दहला देने वाली घटना ने एक बार फिर रिश्तों में बढ़ती हिंसा और अवैध संबंधों के खतरनाक अंजाम को उजागर कर दिया है।
