muzaffarnagar me sp city pr chadhai scorpio
एसपी सिटी पर काली स्कॉर्पियो चढ़ाने की कोशिश करने वाले चार युवकों को किया गिरफ्तार , गाड़ी सीज — वायरल वीडियो के बाद मचा हड़कंप
मुजफ्फरनगर। शहर के मध्य स्थित शिव चौक पर गुरुवार देर रात चल रहे चेकिंग अभियान के दौरान एक काली महिंद्रा स्कॉर्पियो कार ने एसपी सिटी को रौंदने की कोशिश कर सनसनी फैला दी। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत की मौजूदगी में हुए इस दुस्साहसिक कृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और शुक्रवार सुबह चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक युवकों ने रुकने के आदेश को नजरअंदाज करते हुए गाड़ी को पुलिस बल और भीड़ की ओर मोड़ा था। कुछ पल के लिए एसपी सिटी भी कार के साथ घिसटते हुए दिखाई दिए। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना के वीडियो शूट कर इंटरनेट पर डाल दिए, जिसके बाद मामला और गर्मा गया।
एसपी सिटी प्रजापत पुलिस टीम के साथ कर रहे थे वाहनों की चेकिंग
शहर कोतवाली क्षेत्र के शिव चौक पर एसपी सिटी प्रजापत पुलिस टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी नंबर UP 20 CQ 8880 वाली स्कॉर्पियो हूटर बजाती हुई तेजी से पहुंची। गाड़ी के बोनट पर भारतीय किसान यूनियन का झंडा और शीशों पर काली फिल्म लगी थी। पुलिस ने वाहन को रुकवाया और एसपी सिटी ने खुद गाड़ी का हैंडल पकड़कर पूछताछ शुरू की, लेकिन भीतर बैठे युवक अचानक कार का रुख मोड़कर भगाने लगे। पुलिस और राहगीरों को बचने के लिए उछलकर किनारे होना पड़ा। वायरलेस पर संदेश प्रसारित हुआ और पुलिस की कई टीमें वाहन के पीछे लग गईं। स्कॉर्पियो शिव चौक से निकलकर नावल्टी चौक और फिर अस्पताल चौराहे की ओर बढ़ गई। जिला अस्पताल के दूसरे गेट पर पुलिस ने घेराबंदी कर गाड़ी को रोक लिया और चारों युवकों को हिरासत में ले लिया।
चारों आरोपी बिजनौर के निवासी — शादी समारोह में आए थे शहर
गिरफ्तार युवकों की पहचान इस प्रकार हुई—
- पुष्कर चौधरी (21 वर्ष) — ग्राम सडियापुर, बिजनौर
- तरुण चौधरी (20 वर्ष) — ग्राम स्वाहेड़ी, बिजनौर
- प्रियांशु चौधरी (20 वर्ष) — ग्राम बधावा, हल्दौर, बिजनौर
- वंश चौधरी (20 वर्ष) — ग्राम स्वाहेड़ी, बिजनौर
चारों युवक बिजनौर से मुजफ्फरनगर में एक शादी कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। पुलिस का कहना है कि उन्होंने रास्ते में शराब भी पी रखी थी, जिस कारण दबाव में आकर उन्होंने पुलिस से बचने के लिए भागने का कदम उठाया।
एक युवक पर पहले भी केस, बाकी तीन पहली बार आए पुलिस की पकड़ में

शहर कोतवाली पुलिस ने चारों युवकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। स्कॉर्पियो को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर लिया गया है। पुलिस जांच में पता चला कि गिरफ्तार प्रियांशु चौधरी के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट का केस दर्ज है, जबकि अन्य तीनों युवक पहली बार किसी मामले में पकड़े गए हैं। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक बबलू सिंह वर्मा, उप निरीक्षक मोहित कुमार, उप निरीक्षक सोनू कुमार, कांस्टेबल प्रदीप कुमार, अमित कुमार और रवीश कुमार शामिल रहे।
क्यों भागे? — पूछताछ में खुद बताया कारण
पकड़े गए युवकों ने पूछताछ में बताया कि वे शादी में आए थे और सभी ने शराब पी रखी थी। स्कॉर्पियो चला रहा युवक पुष्कर चौधरी अपने पिता की कार लेकर आया था, उसके पास न ड्राइविंग लाइसेंस था और न ही गाड़ी के कागजात। युवकों ने डर के कारण गाड़ी भागाने की बात स्वीकारी। भागते समय स्कॉर्पियो की खिड़की का शीशा भी टूटकर शिव चौक पर बिखर गया था, जिसे पुलिस ने साक्ष्य के रूप में कब्जे में ले लिया है।
तीन चौराहे तोड़कर भी आगे नहीं निकल पाए युवक
युवकों ने शिव चौक पर पुलिस को चकमा दिया, लेकिन वहीं नहीं रुके। वे भीड़भाड़ वाली रुड़की रोड पर नावल्टी चौक और अस्पताल चौराहा पार करके निकल गए।
आखिरकार अस्पताल चौकी इंचार्ज सोनू कुमार ने दूसरे गेट के पास घेराबंदी कर कार रोकने में सफलता पाई। इस दौरान आबकारी चौकी इंचार्ज मोहित कुमार भी फोर्स के साथ पहुंच गए।
पुलिस की खास मेहमाननवाजी के बाद भेजा गया जेल
युवकों को हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की। कोतवाली में लंगड़ाते हुए जाते आरोपियों का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। शुक्रवार को चारों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
घटना शहर के सबसे व्यस्त इलाके में हुई, जिसकी वजह से लोग युवकों की लापरवाही और दुस्साहस से स्तब्ध हैं।
See also this: लटकती तोंद से अब पाएं छुटकारा
